खेल डेस्क। दंगल गर्ल के नाम से मशहूर महिला पहलवान गीता फोगाट 2020 में सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर महिला खिलाडिय़ों में सबसे अधिक चर्चा में रही। इस मामले में उन्होंने बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू को पीछे छोड़ दिया। वहीं बैडमिटन की एक अन्य स्टार खिलाड़ी सायना नेहवाल तीसरे स्थान पर रहीं।

भारत की ओर से ओलम्पिक खेलों में महिला एकल बैडमिंटन का रजत पदक जीतने वाली पहली खिलाड़ी पीवी सिंधू ने इस साल रिटायर शब्द का उपयोग कर सबसे ज्यादा सनसनी फैला दी थी, लेकिन उन्होंने तुरंत इस बात का खंडन करते हुए कहा था कि वह कोरोना वायरस के कारण उपजी नकारात्मक परिस्थितियों से रिटायर हो रही हैं।

भारतीय महिला फ्रीस्टाइल पहलवान गीता फोगाट ने पहली बार भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने साल 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। गीता फोगाट पहली भारतीय महिला पहलवान है जिन्होंने ओलम्पिक में क्वालीफाई किया।