जयपुर। निकाय प्रमुख चुनावों में एक बार फिर से कांग्रेस ने बाजी मारी है। राजस्थान के 90 नगर निकाय प्रमुख के चुनाव परिणाम रविवार का सामने आए। 90 में से कांग्रेस 48 निकायों में अपने प्रमुख बनाने में सफल रही। जबकि भारतीय जनता पार्टी ने 37 निकायों में अपना बोर्ड बनाया।

तीन निकायों में निर्दलीय प्रमुख बनने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार, इसमें से दो निकायों में कांग्रेस समर्थित बोर्ड बना है। जबकि नोखा में एनसीपी अपना बोर्ड बनाने में सफल रही। हालांकि कांग्रेस इसे भी अपने खाते में मान रही है। नागौर की मूंडवा नगरपालिका में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी अपना बोर्ड बनाने में सफल रही है।

पिछली बार इन 90 निकायों में से भारतीय जनता पार्टी 60 में अपना बोर्ड बनाने में सफल रही थी। जबकि कांग्रेस के खाते में केवल 25 निकाय आए थे।इस बार कांग्रेस और भाजपा ने इन निकायों में अधिक संख्या में अपना बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी।