इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में भले ही राजाओं के राजपाट चले गए लेकिन अभी भी राजशाही जैसे जिंदा सी लगती है। आज भी कई ऐसे राजघराने हैं जिनके पास बेशकीमती दौलत है। अरबों-खरबों रुपयों के भंडार भरे पड़े हैं। इन्हीं में से एक हैं पद्मनाभ सिंह, जो जयपुर के राजघराने से ताल्लुक रखते हैं। तो आइये जानते हैं राजस्थान के इस 22 साल के शख्स के बारे में, जो नन्हीं सी उम्र में ही 20 हजार करोड़ से भी ज्यादा संपत्ति का मालिक है।

वे जयपुर रियासत के महाराजा हैं। उन्हें जयपुर शाही परिवार का 309वां वंशज माना जाता है। पद्मनाभ सिंह अभी महज 22 साल के हैं, लेकिन दौलत की बात करें तो वे 20 हजार करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। सबसे ख़ास बात ये है कि पद्मनाभ सिंह का परिवार खुद को भगवान राम का वंशज बताता है।

ऐसा कहा भी जाता है कि जयपुर के पूर्व महाराजा भवानी सिंह भगवान राम के बेटे कुश के 303वें वंशज थे। इस राजघराने से संबंध रखने वाली पद्मिनी देवी ने खुद एक टीवी चैनल को कुछ साल पहले दिए एक इंटरव्यू में बताया था। इसके अलावा राजघराने की पूर्व राजकुमारी दीयाकुमारी भी एक ऐसा पैंपलेट दिखा चुकी हैं, जिसमें भगवान राम के वंश के सभी पूर्वजों के नाम क्रमबद्ध रूप से दर्ज हैं।

पद्मनाभ सिंह एक बेहतरीन पोलो खिलाड़ी भी हैं। 2015 में उन्होंने 17 साल की उम्र में इंग्लैंड में पोलो खेलना शुरू किया था। वो भारतीय टीम में पोलो खिलाड़ी के रूप में अपनी एंट्री करवा चुके हैं। उनके पड़दादा मानसिंह द्वितीय भी पोलो के बेहतरीन खिलाड़ी रहे थे।

12 जुलाई 1998 को जन्में पद्मनाभ सिंह ने अजमेर के मेयो कॉलेज और इंग्लैंड के समरसेट के मिलफील्ड स्कूल से पढ़ाई की है। वे 2011 में भवानी सिंह के निधन के बाद जयपुर के नए उत्तराधिकारी बनाए गए थे।