जयपुर। राजस्थान की राजनीति के हिसाब से पिछले छह महीने अच्छे नहीं बीते हैं। इस दौरान प्रदेश ने अपने चार विधायकों को खो दिया है। इनमें तीन विधायक तो सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के हैं, जबकि एक विधायक भारतीय जनता पार्टी की है। इन विधायकों के निधन से विधानसभा की चार सीटें रिक्त हो गई है। इन सीटों के लिए आगामी समय में उप चुनाव होंगे।

पिछले साल 6 अक्टूबर को भीलवाड़ा के सहाड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का निधन हुआ था। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अन्तिम सांस ली। इसके बाद कैबिनेट मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल का निधन हुआ। चूरू जिले के सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक मेघवाल ने भी गुरुग्राम में अन्तिम सांस ली।

इसके बाद भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी ने दुनिया को अलविदा कहा। राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी का निधन कोरोना के कारण हुआ था। कांग्रेस को अब उदयपुर के वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत के निधन से बड़ा झटका लगा है।