पटना: रक्षा बंधन के दिन 22 अगस्त को बिहार सरकार का परिवहन विभाग महिलाओं को एक खास तोहफा देने जा रहा है. बिहार में राखी के दिन महिलाएं बिहार प्रदेश सड़क परिवहन निगम की सिटी सर्विस बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी. यानी राखी के दिन बस से यात्रा करने के लिए उन्हें कोई शुल्क नहीं देना होगा। इसका सीधा फायदा महिलाओं को मिलेगा।

शीला कुमारी, मंत्री, परिवहन विभाग, बिहार सरकार ने कहा कि रक्षा बंधन पर सिटी सर्विस बसों और सुरक्षित यात्रा में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी. कई संगठनों द्वारा रक्षा बंधन के अवसरों पर मुफ्त यात्रा का अनुरोध किया गया है। बिहार सरकार के परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि बिहार प्रदेश सड़क परिवहन निगम द्वारा राजधानी में कुल 125 सिटी सर्विस बसों का संचालन किया जा रहा है.


इसमें 70 बसें सीएनजी और 14 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इन सभी बसों में रक्षा बंधन के दिन महिलाओं और लड़कियों के लिए पूरी तरह से मुफ्त बस सेवा होगी। उल्लेखनीय है कि सिटी बसों में यात्रा करने के लिए महिलाओं को मासिक पास में पहले से ही विशेष छूट दी जा रही है। इसके साथ ही सभी बसों में 65 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित कर दी गई हैं। बसों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं और अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराई गई हैं ताकि महिलाएं बसों में सफर के दौरान सुरक्षित महसूस कर सकें।