जयपुर। राजस्थान के तीन वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों का एक समूह आज दिल्ली जाकर केन्द्र सरकार के मंत्रियों से राजस्थान को कोविड-19 संक्रमण की स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल ऑक्सीजन, ऑक्सीजन परिवहन के लिए टैंकर, दवाओं सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति का कोटा बढ़ाने की मांग करेगा।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को सीएम निवास पर हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में इस प्रकार की जानकारी दी।तीन वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों में शामिल ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला, नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल और चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा विशेष विमान से दिल्ली जाएंगे। उनके साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी सुधांश पंत भी होंगे। राजस्थान के तीन वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों का यह समूह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, रेल मंत्री पीयूष गोयल और रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री मनसुख मण्डाविया से मुलाकात करेगा।

अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य मंत्रिमण्डल के सदस्य केंद्र सरकार से कोई शिकायत करने नहीं, बल्कि अपनी व्यथा बताने और प्रदेशवासियों की जीवन रक्षा के लिए आवश्यक संसाधनों की मांग करने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। राज्य का मंत्री समूह केन्द्रीय मंत्रियों के समक्ष इस बात को तार्किक ढंग से रखेगा कि राजस्थान को मेडिकल ऑक्सीजन तथा रेमडेसिविर आदि आवश्यकताओं के निर्धारित कोटे की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इस कारण प्रदेश में कोविड संक्रमित मरीजों के इलाज में बहुत अधिक परेशानी आ रही है।

उन्होंने कहा कि बीते दिनों केन्द्र सरकार द्वारा राज्य को आवंटित किए गए मेडिकल ऑक्सीजन के कोटे की बड़ी खेप की गुजरात के जामनगर से आपूर्ति होनी थी, जो अभी तक नहीं मिल पाई है। गुजरात के साथ-साथ ओडिशा और झारखंड से भी राजस्थान को ऑक्सीजन की आपूर्ति करने में टैंकरों की कमी भी एक बड़ी बाधा है, क्योंकि प्रदेश में अभी तक ऑक्सीजन परिवहन के लिए केवल 23 टैंकर ही उपलब्ध हैं।